इलाहाबाद हाई कोर्ट ने TGT LT Grade Teacher Recruitment के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी TET को अब अनिवार्य योग्यता के रूप में लागू करने का महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है।
न्यायमूर्ति अरिंदम सिन्हा एवं न्यायमूर्ति प्रशांत कुमार की खंडपीठ ने यह फैसला जय हिंद यादव व अन्य की याचिका पर सुनवाई करते हुए सुनाया है। कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि उत्तर प्रदेश अधीनस्थ शैक्षिक सेवा नियमावली 1983 के नियम आठ में संशोधन करके अब टीईटी पास होना अनिवार्य होगा। यह निर्णय भविष्य में होने वाली सभी शिक्षक भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता लाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
प्रयागराज स्थित इलाहाबाद हाई कोर्ट ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग को निर्देशित किया है कि वह वर्तमान में जारी विज्ञापनों के संबंध में तत्काल प्रभाव से एक शुद्धि पत्र जारी करे।
इस शुद्धि पत्र में यह स्पष्ट रूप से अंकित किया जाए कि वर्तमान में जारी विज्ञापन केवल कक्षा नौ और दस के शिक्षण कार्य के लिए ही मान्य है।
याचिकाकर्ताओं ने 28 जुलाई 2025 को निकाली गई एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती की पात्रता को चुनौती दी थी जिसमें दलील दी गई थी कि यह भर्ती बाल शिक्षा अधिकार अधिनियम 2009 के प्रावधानों का उल्लंघन करती है।
अदालत ने इस मामले की गंभीरता को समझते हुए शिक्षा अपर निदेशक के हलफनामे का भी संज्ञान लिया है। हलफनामे में यह स्वीकार किया गया है कि प्रदेश में कुल 904 ऐसे संस्थान संचालित हैं जहाँ कक्षा छह से लेकर कक्षा बारह तक की शिक्षा प्रदान की जा रही है।
ऐसे में लोक सेवा आयोग का यह दावा तार्किक प्रतीत नहीं हुआ कि कक्षा छह से आठ तक के पदों पर कोई रिक्ति मौजूद नहीं है। कोर्ट ने माना कि भर्ती विज्ञापन में कक्षाओं के बारे में विस्तृत जानकारी न देना एक बड़ी चूक है जिसे सुधारा जाना आवश्यक है।
उल्लेखनीय है कि पूर्व में सीटी यानी सर्टिफिकेट ऑफ टीचिंग कैडर को डाइंग घोषित कर उसे पहले ही एलटी कैडर अथवा टीजीटी ग्रेड में समाहित कर दिया गया है।
इसी आधार पर न्यायालय ने माना है कि अब इन पदों के लिए टीईटी पास होना एक अनिवार्य योग्यता बन चुकी है। इस आदेश के बाद अब उत्तर प्रदेश में शिक्षक बनने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए टीईटी प्रमाणपत्र होना अनिवार्य होगा जिससे भर्ती प्रक्रिया में राष्ट्रीय मानकों का पालन सुनिश्चित हो सकेगा।
हालांकि, इलाहाबाद हाई कोर्ट के इस फैसले ने उन हजारों अभ्यर्थियों के लिए थोड़ी सी असमंजस की स्थिति पैदा कर दी है, जिन्होंने 2, 3 और 4 जुलाई 2026 को होने वाले शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए 27 मार्च 2026 से ऑनलाइन अप्लाई करना शुरू कर दिया है।
