उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने UPTET Result 2026 में संशोधन से संबंधित जरूरी नोटिस जारी किया है। आयोग ने आधिकारिक वेबसाइट upessc.up.gov.in पर स्पष्ट कर दिया है कि अब UPTET रिजल्ट में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।
रिजल्ट में संशोधन के लिए उम्मीदवारों द्वारा दिए गए प्रत्यावेदनों की जांच के लिए छह सदस्यों की एक विशेष कमेटी बनाई गई थी। जांच कमेटी की रिपोर्ट के बाद आयोग ने OMR शीट में गलती, मार्क्स के नॉर्मलाइजेशन और आंसर की से जुड़ी शिकायतों को पूरी तरह से अस्वीकार कर दिया है।
UPESSC ने इस विषय पर अपने पोर्टल पर आधिकारिक सूचना जारी की है: क्लिक करके पढ़ें
गौरतलब है कि UPTET 2026 परीक्षा 2, 3 और 4 जुलाई को आयोजित की गई थी और इसका परिणाम 26 अगस्त 2026 को घोषित हुआ था।
पांच साल के लंबे इंतजार के बाद आयोजित हुई इस परीक्षा में लगभग 19.95 लाख उम्मीदवार शामिल हुए थे, जिनमें से 13.3 लाख अभ्यर्थी क्वालीफाई हुए। इसमें प्राइमरी लेवल (क्लास 1 से 5) में 5,71,435 और अपर प्राइमरी लेवल (क्लास 6 से 8) में 7,59,513 उम्मीदवारों ने सफलता प्राप्त की है।
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने प्राप्त शिकायतों को चार श्रेणियों में विभाजित कर समीक्षा की। पहली मुख्य शिकायत OMR शीट में रोल नंबर भरने की गलतियों से जुड़ी थी, जिसे निरस्त करते हुए आयोग ने कहा कि मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी तरह से स्वचालित और निर्देशित नियमों के तहत हुई है।
दूसरी आपत्ति नॉर्मलाइजेशन प्रक्रिया पर थी, जिस पर अभ्यर्थियों का तर्क था कि इसके कारण उनके अंक कम हुए हैं। इस पर आयोग ने सफाई दी कि अलग-अलग शिफ्टों में परीक्षा होने के कारण वैज्ञानिक सॉफ्टवेयर और स्थापित नियमों के तहत नॉर्मलाइजेशन अपनाया गया है, जो पूरी तरह न्यायसंगत है।
रिजल्ट और अंकों में बदलाव की मांगों को खारिज करने के बीच आयोग ने क्वालीफाई हुए उम्मीदवारों को एक बड़ी राहत दी है। अभ्यर्थियों की चौथी श्रेणी की मांग को स्वीकार करते हुए UPTET सर्टिफिकेट में दर्ज व्यक्तिगत विवरणों में सुधार का मौका दिया गया है।
UPTET 2026 परीक्षा मे क्वालीफाई हुए सफल उम्मीदवार अब अपने नाम, पिता या पति के नाम, जन्म तिथि और श्रेणी/वर्ग में हुई त्रुटियों को ठीक करने के लिए आयोग के आधिकारिक पोर्टल के जरिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
